स्मैक तस्करों के खिलाफ हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई, 50 लाख की स्मैक के साथ दो तस्करों को देहरादून पुलिस ने किया गिरफ्तार ।

उत्तराखंड–हरिद्वार श्यामपुर थाना क्षेत्र में देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बरेली से स्मैक ला रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 167 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।

नगर पुलिस अधीक्षक पंकज गैरोला ने बताया कि शनिवार शाम को पुलिस को सूचना मिली थी कि बरेली से एक बड़ी खेप स्मैक देहरादून भेजी जा रही है। इस सूचना के आधार पर एसटीएफ देहरादून की एएनटीएफ सेल इंस्पेक्टर नीरज चौधरी और श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने चिड़ियापुर के जंगल में घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आजाद और संगीत निवासी मोथरावाला सपेरा बस्ती देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बरेली से स्मैक लेकर देहरादून ला रहे थे और यहां पर इसे बेचने की योजना बना रहे थे। उन्होंने बरेली में स्मैक बेचने वाले और देहरादून में नशे का धंधा करने वाले अन्य तस्कर के नाम भी बताए हैं। पुलिस अब इन आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उन्हें रविवार को कोर्ट में पेश किया कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया ।

पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस इस बात का भी पता लगाएगी कि आरोपी किस तरह से स्मैक की तस्करी करते थे और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *