हैदराबाद– आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरूपति मंदिर में बुधवार को भगदड़ मचने से अब तक छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह घटना तिरुमाला में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर के वैकुंठ द्वार दर्शन के लिए टोकन वितरण के दौरान हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना तिरुपति विष्णु निवासम में हुई जहां टोकन बांटे जा रहे थे। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात तिरुमाला हिल्स पर भगदड़ में तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई। इस बीच, कुछ महिला श्रद्धालुओं और घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस में ले जाते हुए पुलिस द्वारा सीपीआर दिए जाने के वीडियो वायरल हो गए।
मृतकों की पहचान की जा रही है
तेलंगाना टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में से एक की पहचान मल्लिका के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर तमिलनाडु की रहने वाली है। इस बीच, घायल लोगों को इलाज के लिए तिरूपति रूया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 10 जनवरी से शुरू होने वाले 10 दिवसीय वैकुंठ द्वार दर्शनम के लिए देश भर से सैकड़ों भक्त आए।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश के तिरूपति में भगदड़ से आहत हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द ठीक हो जाएं। आंध्र प्रदेश सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश सीएमओ ने अपने बयान में कहा कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने तिरुमाला श्रीवारी वैकुंठ द्वार में दर्शन टोकन के लिए तिरुपति में विष्णु निवासम के पास हुई भगदड़ में 4 श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।
राहुल गांधी ने जताया दुख
लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया कि तिरूपति में हुई दुखद भगदड़ अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस कठिन समय में हर संभव सहायता प्रदान करने का आग्रह करता हूं।