कोरोना : देशभर ओर उत्तराखंड में अब तक 13 मौतें, एक्टिव केस भी हुए 1252, एम्स के दो डॉक्टर भी पॉजिटिव।

नई दिल्ली– भारत में कोरोना वायरस का खतरा एक बार फिर सिर उठाने लगा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के 1,252 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं, जबकि अब तक 13 लोगों की इस संक्रमण से मौत हो चुकी है। सबसे अधिक प्रभावित राज्य केरल में 430 मरीज कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। महाराष्ट्र 325 एक्टिव केसों के साथ दूसरे स्थान पर है, जिनमें से 316 मामले अकेले मुंबई से हैं। उत्तर भारत में भी संक्रमण बढ़ रहा है, और स्वास्थ्य विभाग ने इसे लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।

उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति की चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह लुधियाना में काम करता था और सांस लेने में तकलीफ के बाद उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया था, जहां उसकी रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई। देशभर में कोविड से हुई 13 मौतों में महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में 11 मामले शामिल हैं। जयपुर में 26 मई को दो लोगों की मौत हुई, जिनमें एक रेलवे स्टेशन पर मृत पाया गया, जबकि दूसरा 26 वर्षीय टीबी मरीज था, जो निजी अस्पताल में भर्ती था। ठाणे, महाराष्ट्र में एक महिला और 21 वर्षीय युवक की कोविड से मृत्यु हुई। बेंगलुरु में 17 मई को 84 वर्षीय बुजुर्ग की मल्टी ऑर्गन फेल्योर से मौत हुई, जिसकी रिपोर्ट बाद में कोविड पॉजिटिव पाई गई। केरल में भी दो मरीजों की कोरोना से मौत दर्ज की गई।उत्तराखंड में कोरोना वायरस के पांच नए कोविड-19 मामले सामने आए, जिनमें ऋषिकेश एम्स के दो डॉक्टर शामिल हैं।स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सा इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 19 लोगों की आरटीपीसीआर जांच की गई, जिसमें से पांच मरीज कोविड पॉजिटिव पाए गए।इनमें दो मरीज उत्तराखंड के स्थानीय निवासी हैं, जबकि तीन अन्य हाल ही में हैदराबाद, बेंगलुरु और बिजनौर की यात्रा से लौटे थे। पॉजिटिव मरीजों में एम्स ऋषिकेश के दो डॉक्टरों के अलावा एक स्टाफ नर्स भी शामिल है। एक मरीज को श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि शेष पांच मरीज होम आइसोलेशन में हैं।

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि प्रदेश में वायरस से निपटने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सभी चिकित्सा इकाइयों को अलर्ट पर रखा गया है और जांच व उपचार की व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही, लोगों से मास्क पहनने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *