दिल्ली के निजी अस्पताल में 50 वर्षीय डॉक्टर की हत्या के मामले में एक बेहद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस की अब तक की जांच के अनुसार, अस्पताल में काम करने वाली एक नर्स के पति ने ही डॉक्टर के कत्ल की साजिश रची थी। इस काम के लिए उसने हत्या के आरोपी किशोर की अपनी बेटी से शादी करना का वादा भी किया था।
जानकारी के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जैतपुर एक्सटेंशन में नीमा अस्पताल में गुरुवार को 50 वर्षीय यूनानी डॉक्टर जावेद अख्तर की दो किशोरों ने उनके केबिन के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने संदिग्धों में से एक को हिरासत में लिया, जिसने खुलासा किया कि उसे एक नर्स के पति ने काम पर रखा था, जिसे अख्तर पर अपनी पत्नी के साथ संबंध होने का संदेह था।
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कथित तौर पर नर्स की बेटी से प्यार करने वाले नाबालिग संदिग्ध ने दावा किया कि महिला के पति ने उसे डॉक्टर को मारने पर अपनी बेटी की शादी उसके साथ करने का वादा किया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी लड़के ने महिला के पति के एटीएम खाते से पैसे भी निकाले। फिलहाल पुलिस आरोपी के दावों की जांच कर रही है।