रतलाम में 3 करोड़ की आधुनिक ड्रग्स बरामद, खास वजह से परिवार संग मुंबई से लेने आया था आरोपी

मध्यप्रदेश के रतलाम जिले की ताल थाना पुलिस ने पति-पत्नी सहित चार तस्करों को गिरफ्तार कर लगभग तीन करोड़ रुपए कीमत की आधुनिक MDM ड्रग्स बरामद की है। यह ड्रग्स रतलाम में किसी व्यक्ति से खरीदी गई थी और आरोपी इसे लेकर मुंबई जा रहे थे, जहां उन्हें इसे किसी और को देना था। पुलिस का कहना है कि इतनी आधुनिक ड्रग रतलाम से मुंबई सप्लाई होने का शायद यह पहला मामला है। इस बारे में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ताल थाना पुलिस ने कल मुंबई निवासी मोहम्मद नदीम, उसकी पत्नी सबा और उनके दो बेटों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 3 करोड़ रुपए मूल्य की 3 किलो MDMA ड्रग्स और 1.898 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों से हुई प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि उक्त चारों आरोपियों को कोरियर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। मुंबई के किसी व्यक्ति ने इन्हें 27 लाख रुपए दिए थे, जिसके बाद ये चारों लोग ट्रेन से रतलाम आए थे। इन्होंने रतलाम में आकर किसी व्यक्ति से तीन किलो MDMA ड्रग खरीदा था। पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपियों का मुखिया मोहम्मद नदीम मुंबई में जूते चप्पल की दुकान लगाता है।

एसपी कुमार ने बताया कि ड्रग्स खरीदने के लिए रुपए देने वाले मुंबई के व्यक्ति और रतलाम में ड्रग बेचने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इसके लिए पुलिस ने कोर्ट से आरोपियों की रिमांड मांगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *