जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में संपन्न हो चुके हैं। आज हरियाणा में वोट डाले जा रहे हैं। वोटिंग खत्म होते ही एग्जिट पोल के अनुमान सामने आने लेंगे। एग्जिट पोल में जीत और हार का अनुमान लगाया जाएगा। चुनाव आयोग के अनुसार, एग्जिट पोल के नतीजे हरियाणा में मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद शाम 7 बजे से लाइव हो जाएंगे। इसके लिए सभी सर्वे एजेंसी ने अपनी-अपनी तैयारी कर रखी है। देश के विभिन्न न्यूज चैनलों और न्यूज वेबसाइट्स पर इसकी नतीजे दिखाए जाएंगे।
एग्जिट पोल शनिवार शाम 7 बजे से घोषित किए जाएंगे। टुडे चाणक्य, एक्सिस माई इंडिया, सीएसडीएस, सी वोटर, टाइम्स नाउ और पोल ऑफ पोल्स सहित कई सर्वे एजेंसी हरियाणा और जम्मू-कश्मीर एग्जिट पोल आयोजित करते हैं। नतीजों को संबंधित समाचार वेबसाइटों पर लाइव-स्ट्रीम भी किया जाएगा। लाइव अपडेट के लिए आप www.livehindustan.com पर जाएं।
एग्जिट पोल एजेंसियों द्वारा मतदाताओं की प्रतिक्रियाओं के आधार पर तैयार किए गए अनुमान हैं। वे हमेशा अत्यधिक सटीक नहीं होते हैं। पोल की विश्वसनीयता मतदाताओं की ईमानदारी, सैंपल साइज और त्रुटि के मार्जिन जैसे कारकों पर निर्भर करती है। हालांकि कई चुनावों में एग्जिट पोल अक्सर व्यापक रुझानों और नतीजों की भविष्यवाणी करने में सही होते हैं, लेकिन वास्तविक परिणाम कभी-कभी अलग होते हैं।
जम्मू और कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए तीन चरणों में मतदान हुआ। 2019 में केंद्र द्वारा क्षेत्र का विशेष दर्जा रद्द करने के बाद से यह पहला चुनाव है। चुनाव आयोग के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश में कुल मतदान 63.88 प्रतिशत रहा, जिसमें पुरुषों की भागीदारी 64.68 प्रतिशत और महिलाओं की 63.04 प्रतिशत रही।
चुनाव में जिन उम्मीदवारों पर नजर रखने की जरूरत है उनमें नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला (गंदरबल), भाजपा जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष रविंदर रैना (नौशेरा), भाजपा के देवेंद्र सिंह राणा (नगरोटा), पीडीपी की इल्तिजा मुफ्ती (श्रीगुजवारा-बिजबेहरा) और पीडीपी के वहीद पारा (पुलवामा) शामिल हैं।