रुद्रपुर – उत्तराखंड में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को एक नई दिशा मिली, जब शुक्रवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने रुद्रपुर में साइकिलिंग वेलोड्रोम का लोकार्पण किया। अब उत्तराखंड साइकिलिंग वेलोड्रोम वाला देश का आठवां राज्य बन गया है। यह वेलोड्रोम रुद्रपुर के मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्थापित किया गया है, और इसका निर्माण 2312.99 लाख रुपए की लागत से 18 महीने में पूरा हुआ।
लोकार्पण के मौके पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पहले हमारे खिलाड़ी राज्य से बाहर जाकर खेलते थे और फिर उन्हीं राज्यों के लिए मेडल जीतते थे, लेकिन अब सरकार सभी खेल सुविधाएं राज्य में उपलब्ध कराएगी। उन्होंने खिलाड़ियों को आश्वासन दिया कि सरकार उनके करियर और नौकरी के लिए पूरी तरह से समर्थन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि रुद्रपुर में तीन राष्ट्रीय खेल – साइकलिंग, वॉलीबॉल और हैंडबॉल – आयोजित होंगे, जो इस शहर के लिए ऐतिहासिक मौका होगा।
खेल मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेल को भूमि के रूप में विकसित करने का निर्णय ले चुकी है, और आगामी खेल अकादमियों को 50% तक सब्सिडी देने की योजना पर विचार कर रही है। इसके साथ ही, अच्छे खिलाड़ियों और कोचों को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
खेल मंत्री ने उधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर स्थित सकैनिया में एक 60 बेड वाले खेल छात्रावास का भी लोकार्पण किया। यह छात्रावास विशेष रूप से ग्रामीण बच्चों के लिए बनाया गया है, ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं मिल सकें। इस छात्रावास का निर्माण 409.70 लाख रुपए की लागत से हुआ है। मंत्री ने कहा कि अब सकैनिया को खिलाड़ियों की नर्सरी के रूप में जाना जाएगा।