उत्तर प्रदेश–उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से बदली व्यवस्था के तहत पीसीएस-2024 की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को होगी। प्रश्न पत्रों को डिजिटल लॉकर वाले बॉक्स में रखकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। इस बार हर केंद्र पर एक स्टैटिक और एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जबकि इससे पूर्व तीन परीक्षा केंद्रों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई जाती थी। हर परीक्षार्थियों की पहचान के लिए आइरिश स्कैनिंग (आंख की पुतली से जांच) होगी और यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर होलोग्राम चस्पा किए जाएंगे।अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 45 मिनट पहले केंद्र में प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होते ही शेष प्रश्न पुस्तिका और उत्तर पत्रक एकत्रित कर गणना की जाएगी और इन्हें सुरक्षित तरीके से सील कर केंद्र व्यवस्थापक को सौंपा जाएगा। प्रयागराज के 51 केंद्रों में पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए कुल 21504 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
दो पालियों में होगी परीक्षा-
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस-2024) प्रारंभिक परीक्षा रविवार को दो पालियों में होगी। पहली बार सूबे के सभी जनपदों में 1331 केंद्रों पर परीक्षा होगी। प्रयागराज में 51 केंद्र बनाए गए हैं। इन पर 21504 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। प्रयागराज के सभी 51 केंद्रों के लिए 51 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा इतने ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक होगी। पहले सत्र में सामान्य अध्ययन व दूसरे सत्र में सीसैट का पेपर होगा। पीसीएस के 220 पदों पर भर्ती के लिए कुल 576154 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आरओ/एआरओ प्री परीक्षा में पेपर लीक के बाद आयोग की सबसे बड़ी परीक्षा होने जा रही है। ऐसे में आयोग व प्रशासनिक तंत्र के लिए सबसे बड़ी चुनौती प्रश्नपत्रों की सुरक्षा की होगी। इसके लिए तमाम इंतजाम किए गए हैं।