सलमान खान होस्टेड रियलिटी टीवी शो बिग बॉस 18 के लिए निया शर्मा का नाम खूब चर्चा में रहा। लेकिन फिर प्रीमियर से कुछ ही दिन पहले खबर आई कि कुछ कारणों के चलते एक्ट्रेस ने बैकआउट कर लिया है और वह शो का हिस्सा नहीं होंगी। निया शर्मा इस सीजन की सबसे चर्चित सेलेब्रिटीज में से एक थीं। टीवी के सबसे बड़े रियलिटी शो बिग बॉस से जुड़ी खबरें साझा करने वाले प्लेटफॉर्म रियल खबरी ने अपनी एक X पोस्ट में दावा किया है कि निया शर्मा के नाम की हवा बनाया जाना सिर्फ शो की पॉपुलैरिटी बढ़ाने के लिए था।
पोस्ट में खबरी ने लिखा- इससे पहले कलर्स टीवी ने बिग बॉस 12 में भारती और हर्ष के नाम पर पब्लिसिटी बटोरी थी और यह बिग बॉस के इतिहास का सबसे वाहियात सीजन रहा था। अब वो फिर एक बार यही हरकत कर रहे हैं और निया शर्मा के नाम पर पॉपुलैरिटी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। रीयल खबरी ने पोस्ट के आखिर में सवाल पूछा है कि क्या इतिहास फिर एक बार खुद को दोहराएगा? ऐसे कई सवाल हैं जिनके जवाब मिलने बाकी हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा- इनके खून में ही धोखा देना लिखा है।
बता दें कि बिग बॉस 18 कलर्स टीवी और जियो सिनेमा पर 6 अक्तूबर की रात 9 बजे से शुरू होने जा रहा है। दोनों ही प्लेटफॉर्म पर दर्शक यह शो लाइव देख पाएंगे। बिग बॉस 18 के घर की झलक शनिवार सुबह मेकर्स ने रिलीज कर दी है। बिग बॉस के घर को पहले जेल और ना जाने क्या-क्या लुक दिए गए हैं और इस बार बिग बॉस हाउस को बिग बॉस की गुफा नाम दिया जा रहा है। अलग-अलग हिस्सों को मौडिफाई करके कूल और अपीलिंग लुक दिए गए हैं। लेकिन दर्शकों की जिज्ञासा इसमें है कि कौन से सेलेब्रिटी इस सीजन में शो का हिस्सा बनेंगे।