इस महीने के आखिर में हो सकता है भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का एलान,चर्चाओं में इन नेताओं के नाम।

उत्तराखंड –प्रदेश भाजपा के भीतर इस बात की चर्चा काफी गर्म है कि संगठन के नए कप्तान का एलान इस महीने हो सकता है। अब सवाल यही है कि प्रदेश संगठन की कमान किस चेहरे के हाथों में होगी। वह खांटी राजनीतिज्ञ होगा और युवा चेहरा या फिर महिला के हाथों में बागडोर सौंप कर केंद्रीय नेतृत्व नया प्रयोग करेगा। इन सभी प्रश्नों के मध्य वरिष्ठ, युवा और महिला चेहरों का प्रतिनिधित्व करने वाले कई नाम संगठन के भीतर चर्चाओं में हैं।

लेकिन अभी केंद्रीय नेतृत्व ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तारीख तय नहीं की है। संगठन नेताओं का मानना है कि होली के बाद भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। इसके तुरंत बाद प्रदेश अध्यक्ष के नाम की भी घोषणा हो जाएगी।

पार्टी कर सकती है नया प्रयोग

लेकिन पार्टी के अंदर ही एक वर्ग के बीच यह भी चर्चा है कि पार्टी नया प्रयोग कर सकती है। इस प्रयोग में नए और युवा चेहरे को संगठन की बागडोर सौंप सकती है। यह एक युवा और महिला चेहरा भी हो सकता है। दिल्ली में महिला को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद से पार्टी में यह धारणा भी बनाई जा रही है कि पार्टी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में महिला आरक्षण लागू होने से पहले महिला नेतृत्व को प्राथमिकता देकर महिला और युवा वोट बैंक को साधना चाहती है।

चर्चाओं में तैर रहे हैं ये नाम

भट्ट को रिपीट न करने की सूरत में जो नाम संगठन के भीतर गूंज रहे हैं, उनमें प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, पार्टी के तेजतर्रार विधायक विनोद चमोली, पूर्व कैबिनेट मंत्री खजान दास और एक कैबिनेट मंत्री का नाम भी लिया जा रहा है। युवा चेहरे के तौर पर जो नाम तैर रहे हैं उनमें भाजपा विधायक बीबी गैरोला, बदरी-केदार मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय का नाम की चर्चा है। महिला चेहरे के तौर पर महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज और पार्टी विधायक आशा नौटियाल के नाम की भी चर्चा है।

महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा नेता ने बताया कि इस समय प्रदेश में सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। एक-दो दिन में जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा हो जाएगी। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व अपना कार्यक्रम भेजेगा। इस महीने के आखिर तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *