इजरायल पर ईरानी हवाई हमले के बीच एक नये नवेले इजरायली जोड़े का दिल छू लेने वाला वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में एक नवविवाहित जोड़ा हमलों के बीच बम निरोधी बंकर में छिप कर डांस करता हुआ नजर आया। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर वायरल हुए इस वीडियो को देखकर हजारों लोग अपना रिएक्शन दे रहे हैं।
एक्स यूजर शाऊल सदका ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ईरान जेरूसलम की इस शादी की खुशी को एक पल के लिए भी नहीं रोक सका। इस वीडियो में नवविवाहित जोड़ा डांस करते हुए देखा जा सकता है और उनके साथ में ही उनके बाकी मेहमानों को भी देखा जा सकता है। शादी की ड्रेस पहन कर दोनों लोग शादीशुदा जीवन की अपनी शुरुआत का पहला डांस करते हैं। बंकर की हल्की रोशनी में यह जोड़ा एक दूसरे की आंखों में आंखे डाल झूमता हुआ नजर आ रहा है।
इजरायली डिफेन्स फोर्सेज ने स्थानीय समयानुसार करीब 19:30 पर सायरन बजाकर आम नागिरकों को हवाई हमलों के बारे में सूचित किया था। इस सायरन को सुनकर सभी नागरिकों ने भूमिगत बंकरों में शरण ले ली। इसी दौरान शादी कर रहे एक जोड़े को भी बंकर में शरण लेनी पड़ी और इसी समय का इनका यह वीडियो वायरल हो गया। इस वायरल वीडियो पर लोग अपने- अपने हिसाब से रिएक्शन दे रहे हैं।