दिवाली पर ऊर्जा निगम की ओर से बिजली उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली का तोहफा दिया गया है। अक्तूबर महीने में उपभोक्ता जो बिजली खर्च करेंगे, उसमें 70 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से रिफंड उनके बिलों में एडजस्ट होगा।
इस तरह अक्तूबर महीने के लिए बिजली 70 पैसे प्रति यूनिट तक सस्ती होगी। फ्यूल एंड पॉवर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट के तहत ऊर्जा निगम हर महीने नई दरें तय करता है। यूपीसीएल के लिए उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने वर्ष 2024-25 की औसत विद्युत खरीद लागत 5.03 रुपए प्रति यूनिट मंजूर की है।
इससे ऊपर लागत आने पर उपभोक्ताओं पर महंगी बिजली का भार पड़ता है। लागत कम आने पर उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली मिलती है। अप्रैल 2024 से अगस्त 2024 के बीच औसत बिजली खरीद लागत 4.75 रुपए प्रति यूनिट रही।
जो आयोग के स्तर पर मंजूर लागत से 28 पैसे प्रति यूनिट कम रही। इस कारण बिजली खरीद लागत में 225 करोड़ की बचत हुई। इस बचत को बिलों में एडजस्ट किया जाएगा। मुख्य अभियंता कमर्शियल डीएस खाती की ओर से आदेश जारी किया गया।