वीजा के बिना रह रहे बांग्लादेशी दंपति गिरफ्तार, 11 महीने से हल्द्वानी को बनाया घर

भारत में बिना वीजा के रह रहे बांग्लादेशी दंपति को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कैंसर पीड़ित बेटी के उपचार के लिए दंपति ने पश्चिम बंगाल के रास्ते नवंबर 2023 में भारत में प्रवेश किया था। पुलिस सत्यापन में दंपति पकड़ में आए।

नारायण विश्वास पुत्र मेघनाद और उसकी पत्नी गौरी विश्वास निवासी बांग्लादेश ने बेटी काकोली के साथ 9 सितंबर 2023 को हरिदासपुर, पश्चिम बंगाल लैंड इमिग्रेशन चेक पोस्ट से मेडिकल वीजा पर भारत में प्रवेश किया था।

मेडिकल कॉलेज बेलोर तमिलनाडु में काकोली के गले में कैंसर की पुष्टि हुई। 21 नवंबर को तमिलनाडु से बांग्लादेशी दंपति बेटी को लेकर लालकुआं पहुंचे। यहां से वह गौजाजाली, बिचली में शोभा मौर्य (गौरी की बहन) के घर पहुंचे। इसी साल जुलाई में काकोली की मौत हो गई। जिसके बाद से नारायण और उसकी पत्नी गौरी आईटीआई तिराहे के पास सब्जी का ठेला लगाने लगे।

हल्द्वानी में 11 महीने से बिना वीजा के रह रहे बाग्लादेशी दंपति की पुलिस को तो दूर खुफिया विभाग को भी भनक नहीं लग पाई। सत्यापन के लिए पुलिस की टीम शुक्रवार को गौजाजाली नहीं पहुंचती तो मामला नहीं खुल पाता।

गौजाजाली के बिचली में रह रहे दंपति ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि भारत में वह सिर्फ बेटी के इलाज के लिए आए थे। कैंसर पीड़ित बेटी के इलाज में उन्होंने लाखों रुपये खर्च किए लेकिन जुलाई में एसटीएच में उसकी मौत हो गई।

बेटी की मौत के बाद नारायण विश्वास और उसकी पत्नी गौरी ने हल्द्वानी में रिश्तेदार के घर को ही ठिकाना बना लिया। सब्जी बेचकर ही दोनों अपना खर्च चलाने लगे और रिश्तेदार के साथ रहने लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *